

राजस्थान में जयपुर की किशनपोल विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अमीन कागजी ने 50 साल की उम्र में दूसरा निकाह किया है। उन्होंने अपनी पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरा निकाह किया है।
चुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करते समय कागजी ने शपथ पत्र (एफिडेविट )में पहली पत्नी का नाम रेशमा और दूसरी पत्नी का नाम मोनिका शर्मा कागजी बताया है। कागजी के पहली पत्नी से चार बच्चे हैं। कागजी वर्तमान में कांग्रेस के विधायक हैं। 2018 में चुनाव लड़ते समय दिए गए शपथ पत्र में उन्होंने एक पत्नी रेशमा और चार बच्चों का उल्लेख किया था। लेकिन इस बार उन्होंने दो पत्नियों की जानकारी दी है।
जानकारी के अनुसार कागजी के बड़े व्यवसायी अमीन के कार्यालय में मोनिका शर्मा उनकी निजी सचिव के रूप में काम करती थी। जिससे उन्होंने दो साल पहले शादी की है। पिछले साल उन्होंने अपनी सबसे बड़ी बेटी का निकाह भी किया था। बेटी के निकाह से पहले उन्होंने अपना दूसरा निकाह किया था।
अमीन कागजी की संपत्ति पिछले पांच साल में बढ़ने के बजाय कम हुई है। साल 2018 में कुल संपत्ति (चल व अचल) 7 करोड़ 82 लाख 961 रुपए कीमत की थी, जो इस बार 95.78 लाख रुपए कम होकर 6 करोड़ 86 लाख 22,293 रुपये रह गई। यह जानकारी उन्होंने शपथ पत्र में दी है। वर्तमान में कागजी के पास 5.78 करोड़ रुपये चल संपत्ति के रूप में है।